प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी मेडल दिखाते हुए एवं साथ में मौजूद शिक्षक। स्रोत:शिक्षक
पीलीभीत। शाहजहांपुर में चल रही मंडल स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के 65 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चार सौ मीटर दौड़ में पूरनपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र मोहम्मद ताजिम व गोला फेंक में छात्रा गीतिका गिरि ने स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता में 14, 17 व 19 आयु वर्ष वाले छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। लंबी कूद में शहर के एसएन इंटर कॉलेज के शशांक गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीत कर पीलीभीत का नाम रोशन किया।
100 मीटर दौड़ में गुरप्रीत ने रजत पदक जीता तो शहर के अंगूरी देवी बालिका इंटर कॉलेज की कशिश ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा बीसलपुर क्षेत्र के एसआरएम इंटर कॉलेज की छात्रा भावना ने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। बच्चों की इस कामयाबी पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर अचल कुमार मिश्र, ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य संतोष कुमार ने बच्चों को बधाई दी। संवाद