पूरनपुर। असम हाईवे की हरदोई ब्रांच नहर पर बुधवार को फिर जाम लगा। पुल के दोनों ओर वाहनों की करीब तीन-तीन किलोमीटर लंबी लाइनें लगीं। कई वाहन सवार जाम में दो घंटे तक फंसे रहे। हाईवे पर अक्सर लगने वाले जाम से राहगीरों को असुविधा होती है। इससे उनमें रोष है।
हरदोई ब्रांच नहर का पुल निर्माणाधीन होने के कारण जर्जर और संकरे पुल से ही वाहनोंं की आवाजाही होती है। पुल से बड़ी संख्या में वाहनों के निकलने और आगे निकलने की होड़ में अक्सर जाम लग जाता है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वाहन सवारों के पहले निकलने की होड़ में जाम लग गया। जाम में गन्ने से भरे कई ट्रकों सहित अन्य वाहन फंस गए। पुल के दोनों ओर करीब तीन-तीन किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गईं। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया। कई वाहन सवारों को जाम में दो घंटे तक जूझना पड़ा।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने वन मंत्री को लिखा पत्र
हरदोई ब्रांच नहर के जर्जर पुल के समीप ही दूसरा पुल निर्माण के अंतिम चरण में है। मगर संपर्क मार्ग पर आ रहे कुछ पेड़ों के कटान की अनुमति न मिलने से संपर्क मार्ग निर्माणाधीन पुल से आवागमन शुरू नहीं हो पा रहा है। मामले को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने गंभीरता से लेकर वन एवं पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना को पत्र भेजा है। पत्र में राजपथ के महत्वपूर्ण होने, प्रतिदिन भयंकर जाम लगने का हवाला देते हुए व्यक्तिगत रुचि लेते हुए कार्रवाई करने को कहा है।
पूरनपुर नगर में भी जाम में फंसकर परेशान हुए लोग
पूरनपुर। सड़कों के फुटपाथ पर खड़े वाहन, ई-रिक्शा का बेतरतीब संचालन, दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर रखे सामान आदि पर नगर में भी दो स्थानों पर बुधवार को जाम लगा। जाम में फंसकर करीब पौने दो घंटे तक लोगों को जूझना पड़ा।
बुधवार को स्कूलों की छुट्टी होने पर वाहनों की बढ़ी संख्या और फुटपाथों पर खड़े वाहन आदि से अपराह्न करीब 2:30 बजे स्टेशन रोड पर स्टेट बैंक शाखा के समीप जाम लग गया। जाम में वाहन सवारों की संख्या लगातार बढ़ती गई। करीब पौन घंटे तक लोगों को जाम में जूझना पड़ा। इसके कुछ देर बाद ही स्टेशन रोड के ब्लॉक चौराहे पर जाम लग गया। स्टेशन रोड, पकड़िया चौराहा, ब्लॉक रोड और कोतवाली की ओर से आने वाले वाहन जाम में फंस गए। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। नगर में अक्सर जाम लगने से लोगों में रोष है। संवाद