बिलसंडा। स्थानीय सीएचसी पर आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए विभाग के बाबू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बाबू पर मानदेय का भी भुगतान न करने का आरोप लगाया तो वहीं इसमें सीएचसी के अधीक्षक व डॉक्टरों के भी शामिल होने का दावा किया। आशाओं ने मानदेय की धनराशि को जल्द दिलाए जाने की मांग की है। आशाओं ने बताया कि एक साल से उनको इन समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिससे परेशानी हो रही है।
आशा बहुओं की ओर से प्रदर्शन करते हुए बताया गया कि सीएचसी के सभी उपकेन्द्रों पर तैनात आशा बहुओं को सीएचओ की ओर से एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने का एलान है। इसपर सीएचओ ने सभी आशाओं का बिल बनाकर सीएचसी कार्यालय में जमा कर दिया। लेकिन आशाओं के खातों में पैसा नहीं पहुंचा और ये पैसा सीएचसी के बाबुओं ने विभाग के खाते में वापस कर दिया। आशा बहुओं ने बताया कि सीएचसी के अधीक्षक और डॉक्टर भी इसमें मिले हुए हैं। वहीं लगातार 12 महीनों से पैसे न मिलने के कारण आशाओं को आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ रहा है। आशा बहुओं ने प्रदर्शन करते हुए मांग की है कि जल्दी ही भुगतान कराया जाए। इस मौके पर कुसुमलता, पूजा, सीमा, कामिनी आदि दर्जनों आशाएं मौजूद रहीं।