पूरनपुर। फरार चल रहे गैंगस्टर के आरोपियों की गिरफ्तारी को कई थानों की पुलिस ने शेरपुरकलां में रात में दबिश दी। पुलिस ने 10 हजार के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसका चालान कर दिया गया।
गैंग बनाकर संरक्षित पशुओं की हत्या करने के कई आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई कर रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उन पर इनाम घोषित किया गया। अब भी आठ इनामी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। सोमवार रात गैंगस्टर के इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी को सीओ आलोक सिंह के नेतृत्व में पूरनपुर कोतवाली पुलिस के साथ सेहरामऊ, माधोटांडा, घुंघचाई पुलिस ने रात 12 बजे शेरपुरकलां में दबिश दी।
करीब डेढ़ घंटे तक चली कार्रवाई से गांव के आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में खलबली मची रही। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि 10 हजार के इनामी गैंगस्टर यूनुस उर्फ मौला को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी का मंगलवार को चालान कर दिया गया।