बरखेड़ा। नहर में नहाते समय एक कारीगर की डूबकर मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देशनगर के रहने वाले कल्लू कारीगर (50) वर्ष पुत्र परमानंद मंगलवार को परिवार के साथ दियोरिया क्षेत्र में चल रहे इलाबांस देवी स्थान पर गए थे। बुधवार की दोपहर दो बजे वह नहर में नहाने के लिए गए। परिवार के अन्य सदस्य नहाने के बाद वापस चले गए जबकि वह वहां नहाते रहे।
इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर के गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए। लोगों ने उन्हें निकाला। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी बरखेड़ा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक कल्लू पेशे से कारीगर थे। उनके दो बेटे सूरज और अंकित तथा एक बेटी किरन हैं। संवाद