पीलीभीत। उच्च प्राथमिक विद्यालय माधोटांडा के प्रांगण में बुधवार को संकुल स्तरीय एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 100 मीटर बालक और बालिका वर्ग में अरमान और काजल ने बाजी मारी। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नोडल संकुल शिक्षक आलोक अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें संकुल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुई, इसमें 100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबीकूद, ऊंचीकूद, कबड्डी, गोला फेंक और चक्का फेंक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में कंपोजिट कन्या विद्यालय माधोटांडा के अरमान, जबकि बालिका वर्ग में काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में देवीपुर के शिवेंद्र और प्रियंका विजेता रहे।
जूनियर स्तर पर 400 मीटर दौड़ में टांडा गुलाबराय के शिवा और उच्च प्राथमिक विद्यालय माधोटांडा की रिफा, 200 मीटर में सोनू और अंशिका, व 100 मीटर में बसंतपुर नौनेर के नागेश और देवीपुर की पायल ने प्रथम स्थान हासिल किया। लंबीकूद में शिवा और आरुषि ने बाजी मारी। प्रतियोगिता के समापन पर नोडल संकुल शिक्षक आलोक अवस्थी ने विजेता छात्रों को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शिक्षक अवनीश कुमार अवस्थी, प्रभु दयाल, रितुल कुमार सिंह, सौरभ शुक्ला, महेश वर्मा, प्रवेश कुमार, राजेश कुमार, गौरव दीक्षित, महेश यादव, संतोष शर्मा, रामदयाल, वंदना, सरिता, भूपेंद्र सिंह और रामसिंह मौजूद रहे।