एलआईयू टीम ने ठेकेदार समेत दो को पकड़ा, पूछताछ जारी
सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
सरकार विरोधी स्लोगन लिखे होर्डिंग लगा रहे दो युवकों को शिकायत के बाद खुफिया विभाग की टीम ने पकड़ लिया। छानबीन करने पर उनके पास कोई परमीशन भी नहीं मिली। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र शर्मा को शिकायत मिली कि टनकपुर हाइवे पर सरकार विरोधी स्लोगन लिखे होर्डिंग्स गलत तरीके से लगाए जा रहे हैं। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने खुफिया विभाग की टीम को मामले की जांच के लिए भेजा। दिया। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस के साथ इंस्पेक्टर एलआईयू सर्वेंद्र सिंह नकटादाना पहुंचे। यहां बरेली की परवेज नगर कॉलोनी निवासी दीपक त्रिपाठी और मयंक मिश्र होर्डिंग्स लगाते मिले। टीम ने दोनों से पूछताछ शुरू की। उनके पास परमीशन भी नहीं थी। पूछताछ में दोनों युवकों ने एक कंपनी से ठेका मिलने की बात कही। इसके तहत दस होर्डिंग्स लगाए जाने हैं। इनमें से चार टनकपुर हाइवे पर लगाए जा चुके हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि हाइवे पर गलत तरीके से होर्डिंग्स लगाए जा रहे थे। सूचना मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। बिना अनुमति होर्डिंग्स नहीं लगने दिए जाएंगे।