बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर एएनएम की चल रही अनिश्विचतकालीन हड़ताल सीएमओ के आश्वासन के बाद तीसरे दिन समाप्त हो गई। सीएमओ ने बकाया वेतन खातों में ट्रांसफर होने का आश्वासन दिया। मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले भर की एएनएम ने दिसंबर, जनवरी व फरवरी माह का वेतन न मिलने व अन्य समस्याओं को लेकर 20 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। साथ ही सीएमओ कार्यालय के सामने धरना देकर सीएमओ के न हटने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी थी। बुधवार को भी एएनएम हड़ताल पर रही। कई एएनएम सीएमओ कार्यालय के सामने धरने पर बैठी। हड़ताली एएनएम ने मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। इधर दोपहर बाद सीएमओ व संघ पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। इसमें सीएमओ ने पूर्व में परिवार कल्याण मद में बजट न होने की जानकारी देते हुए बताया कि पत्राचार के बाद दो दिन पूर्व शासन द्वारा बजट भेजा गया है। वेतन देने की प्रक्रिया शुरू करते हुए दिसंबर व जनवरी का बकाया वेतन खातों में ट्रांसफर कर दिया गया है। इस मौके पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अरविंद सक्सेना, जिलाध्यक्ष शैल कुमारी मिश्रा, जिला महामंत्री आशा देवी, कमलेश सक्सेना, मायादेवी, प्रवेश कुमारी, प्रसन्नादेवी, कृष्णा मिश्रा, जीतेंद्र कौर आदि एएनएम मौजूद रहीं।