पीलीभीत। पिछले दिनों एएनएम की नियुक्ति पाने वाली अभ्यर्थियों को अब फिटनेस रिपोर्ट के लिए स्वास्थ्य विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शनिवार को तमाम अभ्यर्थी महिला अस्पताल की सीएमएस के पास पहुंच गईं। उनका कहना था कि सीएमओ ने महिला अस्पताल से रिपोर्ट लेने के लिए भेजा है। सीएमएस ने स्पष्ट कह दिया कि वह सिर्फ गाइनो की रिपोर्ट लगा सकते हैं।
दरअसल पिछले दिनों जिन एएनएम की नियुक्ति हुई अब उनसे तैनाती के लिए मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट मांगी जा रही है। अभी तक सीएमओ कार्यालय से फिटनेस रिपोर्ट मिल जाती थी। अभ्यर्थियों का कहना था कि अब सीएमओ कार्यालय से रिपोर्ट न देकर महिला अस्पताल की सीएमएस के पास भेजा है। करीब तीस से ज्यादा अभ्यर्थी शनिवार दोपहर बाद सीएमएस कार्यालय पहुंच गईं। सीएमएस डॉ. अनीता चौरसिया का कहना था कि महिला अस्पताल में गाइनोलॉजिस्ट डॉक्टर हैं। वह उसी की रिपोर्ट दे सकते हैं। अन्य बीमारियों से संबंधित वह रिपोर्ट कैसे लगा सकती हैं। अभ्यर्थियों का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग उनको परेशान कर रहा है। कई अभ्यर्थी तो ऐसे हैं जिनकी ज्वॉइनिंग तक हो चुकी हैं। फिटनेस टेस्ट के नाम पर परेशान किया जा रहा है।