पीलीभीत। मुकदमे में गवाही देने से नाराज लोगों ने घर में घुसकर महिला व उसकी दो पुत्रियों के साथ मारपीट की। धारदार हथियार से वार करने से तीनों घायल हो गईं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काशीराम कॉलोनी निवासी ज्योति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 जुलाई 2024 को वह अपनी पुत्रियों के साथ घर पर थी। रात करीब साढ़े 10 बजे दरवाजे पर कुछ लोग आए। खुद को पुलिस वाला बोलकर दरवाजा खोलने के लिए कहा। महिला दरवाजा खोला तो मोहल्ले की ही शहना बेगम, उसके पुत्र शहबाज, मुन्ना व मोहल्ला का ही नईम, दिलशाद व शहना का दूसरा पति न्यूरिया निवासी बबलू खड़े थे।
आरोप है कि उक्त सभी लोग जबरन घर में घुस आए और गालीगलौज करते हुए पूर्व में शहना के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गवाही देने का विरोध करते हुए मारपीट करने लगे। बीच में आई पुत्री चांदनी और नंदनी को भी पीटा। आरोप है कि धारदार हथियार से वार किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।