पीलीभीत। लंबित 11 सूत्री मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरना दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी कर अपनी आवाज को बुलंद किया। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर बीते कई साल से मांग करती आ रहीं हैं, पर सुनवाई नहीं हो रही है। लंबित मांगों को लेकर सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के बैनर तले तमाम कार्यकर्ता सुबह रामलीला मैदान पर एकत्र हुईं। यहां पर सभी धरने पर बैठ गईं। नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज को बुलंद किया। इसके बाद 11 सूत्री प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि उनको अभी छह हजार रुपये मिल रहा है। इससे गुजारा नहीं हो पा रहा। उनको 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाए।
सहायिकाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये मिल रहा। उनको 15 हजार रुपये मानदेय दिया जाए। इसके अलावा अन्य मांगों को रखा गया। ज्ञापन में कहा गया यदि नवंबर तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे लोग काम बंद अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष वीरवाला, मीना कुमारी, आरती, अनीता देवी, रेनू गंगवार, गायत्री देवी, अर्चना गंगवार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।