बच्चों में किताबों का अध्ययन स्तर बढ़ाने के लिए शुरू की गई कवायद
पीलीभीत। सबसे अधिक पुस्तकें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब विभाग की ओर से अवार्ड दिए जाएंगे। इससे बच्चों में किताबों के अध्ययन का स्तर और अधिक मजबूत होगा। इसके लिए विभागीय स्तर से कवायद की जाएगी।
परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शासन स्तर से लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों को किताबों व अखबार पढ़ने की क्षमता को और अधिक विकसित करने के लिए पूर्व से ही निर्देश दिए गए। अब एक और आदेश जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में रीडिंग आवर व प्रार्थना सभा में पुस्तक व समाचार पत्र को पढ़वाया जाएगा।
इसमें सबसे अधिक पुस्तकें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को चैंपियन रीडर ऑफ ईयर अवॉर्ड दिया जाएगा। इससे बच्चों में किताबें और अखबार पढ़ने की क्षमता को और अधिक विकसित किया जा सकेगा। बीएसए रोशनी यादव ने बताया कि बच्चों में शिक्षा का स्तर बढ़ सके। इसको लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। शासन से आने वाले निर्देशों का पालन किया जा रहा है। संवाद