अमरिया और कलीनगर को नई तहसील बनाने के लिए राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल गुप्ता ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब राज्यपाल से इसका नोटीफिकेशन जारी होना बाकी है।
सदर तहसील को विभाजित कर अमरिया और पूरनपुर तहसील को विभाजित कर कलीनगर को नई तहसील बनाने का प्रस्ताव है। राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद और पूरनपुर विधायक पीतमराम के प्रयासों के बाद पिछले दिनों मंत्रिमंडल में इसे स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद इसमें कुछ आपत्तियां शासन से लगाई थीं। इन्हें जिला प्रशासन ने दूर कर दिया था। बृहस्पतिवार को लखनऊ में राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में पीलीभीत के एडीएम अजयकांत सैनी ने दोनों तहसीलों की पत्रावलियां प्रस्तुत कीं। बैठक में चर्चा के बाद चेयरमैन ने दोनों तहसीलों के गठन को स्वीकृति दे दी है। एडीएम ने बताया कि अब शासन के माध्यम से पत्रावली राज्यपाल के पास भेजी जाएगी। जहां से इसका नोटीफिकेशन होना होगा। उन्होंने कहा कि उम्मीद है जल्द दोनों नई तहसीलों के गठन का नोटीफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।