पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलियों के चलते बनाया गया वैकल्पिक रास्ता शनिवार को बारिश के कारण जलमग्न हो गया। जमुनिया गांव के पास खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने की आशंका पर किसानों ने निर्माण स्थल पर बंद किए गए पानी के निकास को खोल दिया। इससे पानी सीधे वैकल्पिक मार्ग पर आ गया और आवागमन प्रभावित हो गया। राहगीरों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। कार और स्कूल बस भी पानी से गुजरी।
माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से करीब दो वर्ष पहले काटी गई तीन पुलियों का निर्माण कार्य अभी भी पूरा नहीं हो सका है। निर्माणाधीन पुलियों पर हाल ही में लिंटर डालने का कार्य पूरा हुआ है, लेकिन पुलिया अभी यातायात के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में वाहन चालकों और ग्रामीणों को वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है।
शनिवार को हुई बारिश के बाद जमुनिया गांव के पास स्थिति और बिगड़ गई। निर्माण एजेंसी की ओर से पुलिया निर्माण के दौरान पानी के निकास को बंद कर दिया गया था। लगातार बारिश से आसपास के खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई। फसल बचाने के लिए किसानों ने निर्माणाधीन पुलिया के पास बंद किए गए पानी के निकास को खोल दिया।