फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: एक करोड़ के घोटाले के साक्ष्य जुटाने के साथ विवेचना भी तेज

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। डीआईओएस कार्यालय के एक करोड़ रुपये घोटाले के आरोपी इल्हाम शम्सी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। भले ही उसे अग्रिम जमानत मिल गई, लेकिन जांच का दायरा तेज हो गया है। कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के बाद पुलिस ने विवेचना की रफ्तार बढ़ा दी है। डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर प्रकरण से संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के बयान दर्ज करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उधर, शासन की टीम के जल्द आने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन


डीआईओएस कार्यालय में फरवरी में एक करोड़ रुपये से अधिक सरकारी धनराशि को ठिकाने लगाने का मामला सामने आया था। चपरासी से बाबू बने कार्यालय में तैनात इल्हाम शम्सी के अपनी पत्नी के खाते में भेजी गई करीब एक करोड़ की धनराशि के बाद मामला उजागर हुआ था। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की सख्ती के बाद जांच शुरू हुई तो कई चौकाने वाले खुलासे हुए। करीब 35 संदिग्ध खाते सामने आए, जिसमें डीआईओएस कार्यालय की विभिन्न मदों की धनराशि का ट्रांजेक्शन होना पाया गया। डीएम के निर्देश पर सभी खातों को फ्रीज करने के साथ ही आगे की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

इधर, मामले में डीआईओएस राजीव कुमार की ओर से इल्हाम शम्सी और उसकी पत्नी अर्शी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने कुछ दिन बाद अर्शी को तो गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था, लेकिन इल्हाम को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही थी। पुलिस को चकमा देकर इल्हाम न्यायालय की शरण में पहुंचा और पिछले दिनों उसे हाईकोर्ट से राहत मिल गई थी। इधर, पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। प्रकरण से जुड़े डीआईओएस के अधिकारी और कर्मचारियों के बयान दर्ज कराने के साथ साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
विज्ञापन


कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि विवेचना जारी है। बयान दर्ज कराने के साथ ही प्रकरण से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पूरे मामले में गंभीरता बरती जा रही है। संवाद

शासन की टीम आने के बाद फसेंगे कई अन्य

इस मामले में शासन स्तर से भी एक टीम का गठन किया गया है। शिक्षा निदेशक स्तर के अधिकारियों को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि गठन के बाद से अब तक टीम जांच के लिए जिले में नहीं पहुंची है। ऐसे में माना जा रहा है कि टीम के आने के बाद डीआईओएस कार्यालय के अलावा वित्त एवं लेखा विभाग और कोषागार के कई अधिकारी और कर्मचारी भी कार्रवाई की जद में आएंगे।

तीन पत्नी, अन्य करीबियों को भेजी धनराशि, फर्म में भी निवेश

घोटाले के आरोपी इल्हाम शम्सी ने अपने करीबियों के खातों में लाखों रुपये भेजे। इनमें कई खाते महिलाओं के है। चर्चा है कि इन महिलाओं में उसकी तीन पत्नियां हैं। हालांकि अफसर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। साले और अन्य करीबियों का नाम भी सुर्खियों में है। इसके अलावा आरोपी ने बरेली की एक फर्म में भी रुपये का निवेश किया है। जांच में सामने आए खाते दूसरे प्रदेशों के भी बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें