माधोटांडा। गोमती उद्गम स्थल पर संचालित गोशाला में अव्यवस्थाओं और गोवंशीय पशुओं की दुर्दशा का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जांच की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार परितोष कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गोशाला में पशुओं को पर्याप्त चारा, भूसा और दाना नहीं मिल रहा है। इससे कई पशु कमजोर और बीमार हैं। हर सप्ताह दो-चार पशुओं की मौत होने व मृत पशुओं को उचित तरीके से दफन न किए जाने का भी आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने गोशाला में प्रकाश और सर्दी से बचाव के लिए तिरपाल की व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन में गोशाला की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम प्रधान और ठेकेदार की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई। चेतावनी दी कि 10 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विजयपाल, विजय राजपूत, राजवीर सिंह और रूम सिंह यादव आदि मौजूद रहे। संवाद