कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
माधोटांडां। थाना क्षेत्र में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर बाहरी लोगों को बुलाकर घर में घुसकर मारपीट करने, महिलाओं पर हमला करने और नकदी व जेवर छीनकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर फुलहर निवासी श्रीकृष्ण ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पुत्र मिथलेश और कैलाश का अपने भाई सुरेंद्र से पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 19 अप्रैल को विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र की पत्नी पूजा ने अपने मायके और रिश्तेदारी पक्ष के बरेली के श्यामतगंज के अरविंद, अर्जुन, पोथीराम, फूलमती के अलावा पूरनपुर के मोहल्ला लाइनपार निवासी पिंकी, संजय, अभय और न्यूरिया के सैदपुर निवासी जग्गू, नीतू को फोन कर बुला लिया।
शाम करीब पांच बजे आरोपित लाठी-डंडे और रॉड लेकर जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे, उसकी पत्नी माया देवी, पुत्र मिथलेश व कैलाश, बहु आरती व सुशीला और पुत्री श्यामा के साथ मारपीट की। आरोप है कि अभय और फूलमती ने पत्नी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। घटना में परिवार के अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर घर में रखे दो सोने के कुंडल, दो सोने की चेन और एक लाख रुपये नकद भी जबरन छीन ले गए। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। संवाद