ठेका चौकी के बाद प्रदर्शन के दौरान पुलिस से बातचीत करते हिन्दू संगठन के पदाधिकारी। स्रोत सोशल
पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में बृहस्पतिवार को प्रेम प्रसंग के विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। पहले एक युवती प्रेमी के घर पहुंचकर हंगामा करती रही, फिर पुलिस हस्तक्षेप के बाद मामला थम गया, लेकिन देर शाम चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने ठेका चौकी के बाहर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में सीओ सिटी के समझाने पर मामला शांत हुआ।
मामला बृहस्पतिवार शाम की है। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को दिन में एक युवती प्रेमी के घर पहुंच गई और वहीं रहने की जिद पर अड़ गई। युवती ने घर पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और उसे समझाकर थाने ले आई। बाद में युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने पुलिसकर्मियों पर ही पिटाई करने का आरोप लगाकर फिर से हंगामा किया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यही युवती पूर्व में आरोपी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करा चुकी है। युवक कुछ दिन पूर्व ही जेल से जमानत पर छूटा है। इस जानकारी के बाद युवती दोबारा उसके घर पहुंच गई थी। पुलिस ने युवती के परिजनों को बुलाकर मामले को शांत कराया।
इसी बीच देर शाम विश्व हिंदू परिषद के एक पदाधिकारी ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और ठेका चौकी के बाहर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने पदाधिकारियों से बातचीत कर जाम खुलवाया और स्थिति सामान्य कराई।
-