माधोटांडा। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। क्षेत्र के ग्राम बूंदीभूड़ निवासी गायत्री यादव ने माधोटांडा थाने में बुधवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी शादी छह साल पूर्व जिला बहराइच के थाना मुर्तिहा के ग्राम महाराज सिंह निवासी इंद्र कुमार उर्फ अरविंद यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि पति के अलावा ससुर नंदू यादव, सास फूलमती, देवर प्रदीप यादव, ननद आरती, अनीता, गीता दहेज में कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। पुत्र के जन्म के बाद भी आरोपी हरकतों से बाज नहीं आए। कई बार जान से मारने का भी प्रयास किया। दो साल पूर्व आरोपियों ने उसे मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया। कुछ समय बाद आरोपी उसके मायके पहुंचे और दोबारा कार की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। संवाद