जिले में गणतंत्र दिवस सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्कूल-कॉलेजों में गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों का सोमवार को रिहर्सल भी हुआ।
जिला प्रशासन ने गणतंत्र दिवस को लेकर होने वाले कार्यक्रमों की सभी तैयारियां सोमवार शाम पूरी कर लीं। स्कूल कॉलेजों की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। साढ़े आठ बजे कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन समेत सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी भवनों पर झंडारोहण किया जाएगा। साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हाजी रियाज अहमद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे। परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। शिक्षण संस्थाओं में 10 बजे झंडारोहण होगा। गांधी स्टेडियम से साढ़े दस बजे बालक-बालिकाओं की साइकिल रेल होगी। विकलांग पुनर्वास केंद्र में 11 बजे डीएम, एसपी विकलांगों को उपकरण बांटेंगे। दोपहर 12 बजे मुख्य विकास अधिकारी वृद्ध आश्रम में फल वितरण करेंगे। वृद्धों का स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा। दो बजे वाटर वर्क्स प्रांगण से शांति सद्भावना रूट मार्च और झांकियां निकाली जाएंगी। अपरान्ह तीन बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का उनके निवास स्थानों पर जाकर अभिनंदन किया जाएगा। गांधी प्रेक्षागृह में शाम साढ़े तीन बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम पांच बजे गांधी प्रेक्षागृह में ही कौमी एकता मुशायरा और कवि सम्मेलन होगा। सोमवार को स्कूल कॉलेजों में गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया। बीसलपुर। साहू जी महाराज पब्लिक स्कूल में सोमवार को बच्चों ने गणतंत्र दिवस पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रिहर्सल किया। बच्चों ने रिहर्सल प्रबंधक चंद्रपाल मौर्य के निर्देशन में किया।