राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि कई आयोग बनाए गए। राष्ट्रीय सामान्य वर्ग आयोग क्यों नहीं बना? यूजीसी बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने को बनाया गया है। काले कानून बनते जा रहे हैं। हाथ पर हाथ रखकर बैठने की अब जरुरत नहीं है। इस दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ चुनाव लड़ने की भी घोषणा की।
पीलीभीत के पूरनपुर के एक बरातघर में शनिवार को राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें लोगों को संबोधित करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता में सामान्य वर्ग के वोट बैंक से आई है। अब इसे सबक सिखाने की जरुरत है। भाजपा ने लोग शिक्षित न हो सकें इसलिए देश में 97 हजार सरकारी स्कूलों को बंद करा दिया। उन्होंने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा की।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विश्ववीर अवस्थी ने कहा कि अधिकारों के लिए लड़ेंगे नहीं तब अधिकार नहीं मिलेगा। नफरती माहौल बना दिया गया है। हर बिरादरी संघर्ष कर रही है। नफरत के चलते ही यूजीसी को लाया गया। इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरुरत है। सम्मेलन में संजय सिंह तोमर, संजय पांडेय, चेतन्य मिश्रा, संजय मिश्रा, अमिताभ अग्निहोत्री, देव शर्मा, मुकेश गुप्ता, रामऔतार शर्मा आदि थे।