पीलीभीत। धान खरीद के दौरान किसानों के समक्ष आने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाया है। डीएम ने कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए। ये दावा किया गया है कि किसानों की शिकायतों का 30 मिनट के भीतर समाधान कराया जाएगा। अगर किसी अफसर-कर्मचारी की लापरवाही मिली तो उस पर भी कार्रवाई होगी।
एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद की गति सुस्त हैं। मगर आढ़तों पर औने-पौने दाम पर किसानों को धान बेचना पड़ रहा है। कई तरह की दिक्कतों से किसानों को रूबरू होना पड़ता है। इस बार डीएम पुलकित खरे धान खरीद को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने पर संजीदा है। निगरानी की जिम्मेदारी खुद संभाली है। इसी क्रम में मंगलवार को कलक्ट्रेट में धान खरीद का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। दूरभाष नंबर 05882-257733 और मोबाइल नंबर 9457656174 पर किसान अपनी शिकायत सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक दर्ज करा सकते हैं। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि शासनदेशों का पालन कराते हुए किसान को फसल का दाम दिलाना प्राथमिकता है। अगर किसी किसान को धान खरीद से जुड़ी कोई दिक्कत आती है तो नियत समय पर समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।