पीलीभीत। परिवहन विभाग की वेबसाइट पर मझोला का पिन कोड डालने पर बरेली का पता दर्ज हो जाने की समस्या का आखिरकार दो वर्ष बाद समाधान हो गया। इसी के साथ मझोला क्षेत्र के लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनने में आ रही समस्या का समाधान भी हो गया।
मझोला और आसपास क्षेत्र के लोग ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कार्यों के लिए जब परिवहन विभाग की वेबसाइट में पते के साथ कस्बे का पिन कोड डालते थे तो बरेली का पता दिखने लगता था। स्थानीय पता न मिलने से आवेदकों के लाइसेंस नहीं बन पा रहे थे। यह दिक्कत दो वर्षों से अधिक समय से आ रही थी।
आवेदकों ने इस समस्या के बारे में एआरटीओ से शिकायत की। मामला गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार तक भी पहुंचा। राज्यमंत्री ने एआरटीओ से जानकारी ली और समस्या का समाधान कराने के लिए कहा। इसके बाद विभागीय अफसर सक्रिय हुए।
वेबसाइट में आ रही तकनीकी दिक्कत को दूर कर दिया गया। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया करीब ढाई वर्षों से यह दिक्कत आ रही थी। अब इसे सही करा दिया गया। मझोला का पिन कोड डालने पर वहीं का पता आ रहा है।