बीसलपुर के गांव रमभोजा के पास माला नदी का जलमग्न पुल।स्रोत:ग्रामीण
बीसलपुर। बाढ़ के बाद अब खस्ताहाल सड़कें आम लोगों के लिए मुसीबत बन गईँ हैं। खराब सड़कों की मरम्मत न होने से आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लंबा चक्कर लगाकर लोगों को गंतव्य के लिए जाना पड़ रहा है।
गांव रंभोजा के पास माला नदी का पुल अब भी बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है। गांव बौनी के पास कटना नदी के पुल की एप्रोच रोड भी ठीक नहीं हो पाई है। वहीं, गांव अमृता खास और बैरा के बीच रपटुआ नदी के पुल के पास टूटी सड़क भी ठीक नहीं हो सकी है। इस वजह से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। गांव बरसिया के पास मुख्य सड़क पर पुलिया टूटी होने के चलते चार पहिया वाहन यहां से नहीं निकल पा रहे।
गांव भैंससटा जलालपुर के पास पांच दिन पहले बाढ़ से कटी सड़क को भी ठीक नहीं किया गया है। चौसरा रोड पर अब भी जलभराव है। बीसलपुर खुदागंज रोड से खांडेपुर जाने वाले मार्ग पर रम्पुरा मोड़ पर अब भी करीब 100 मीटर की लंबाई में बाढ़ का पानी बह रहा है। गांव चौसरा, कासिमपुर, मटेना, मिघौना, रुरिया, गंगानगर के पास स्थित रेलवे के अंडरपासों में जलभराव के चलते रास्ता बंद है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराने के लिए कहा गया है। जल्द ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। - विवेक वर्मा, विधायक बीसलपुर