पूरनपुर। मनरेगा सेल में भ्रष्टाचार के आरोप पर प्रधानों की नाराजगी के बाद पूरनपुर में तैनात मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ) शुभम का फिर स्थानांतरण कर दिया गया है। अमरिया में तैनात आदर्श को पूरनपुर भेजा गया है। उन्होंने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया।
ब्लाॅक सभागार के बाहर बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेश पाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में प्रधानों की बैठक हुई। प्रधानों ने बैठक में ग्राम पंचायतों में मनरेगा से होने वाले कच्चे कामों में चार प्रतिशत और पक्के कामों में नौ प्रतिशत कमिशनखोरी का आरोप लगाया था।
बैठक में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के स्थानांतरण आदेश के निरस्त होने पर रोष व्यक्त किया गया। प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी का स्थानांतरण शीघ्र कराने की मांग की। प्रधानों के विरोध को लेकर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शुभम का फिर अमरिया ब्लॉक के लिए तबादला कर दिया गया है।
अमरिया ब्लाॅक में तैनात अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी आदर्श कुमार को पूरनपुर भेजा गया है। उन्होंने सोमवार को ब्लाॅक कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर दिया। यह जानकारी खंड विकास अधिकारी शिरीष कुमार ने दी।