कांशीराम कॉलोनी में जांच करते एसडीएम महिपाल सिंह।स्रोत:विभाग
पीलीभीत। शहर की काशीराम कॉलोनी में शिकायत के बाद तहसील प्रशासन की टीम जांच-पड़ताल करने पहुंची। एसडीएम सदर की मौजूदगी में आवास आवंटन की हकीकत के अलावा मूलभूत सुविधाओं को भी परखा गया। आवासों में रहने वालों से बात की गई और व्यवस्थाओं को परखा गया।
शहर में बनी काशीराम कॉलोनी में गरीबों को आवास आवंटित किए गए हैं। पात्रता की श्रेणी में आने वाले लोग परिवार के साथ इन आवासों में रह रहे हैं। यहां बिजली-पानी समेत अन्य सुविधाएं भी दी गई हैं, लेकिन पात्र लोगों की आड़ में कॉलोनी में अवैध गतिविधियों की शिकायत भी होती रहती है। पूर्व में कई मामले भी सामने आते रहे हैं। इसको लेकर सदर तहसील प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अफसर गंभीर हुए और टीम को जांच के निर्देश दिए। सोमवार को एसडीएम सदर महिपाल सिंह और लेखपालों की टीम काशीराम कॉलोनी पहुंची। विभिन्न मामलों की जांच की। मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी जांची।
एसडीएम महिपाल सिंह ने बताया कि मूलभूत सुविधाओं के अलावा अन्य बिंदुओं पर जांच कराई गई है। इसके लिए लेखपालों की टीम बनाकर भेजा गया था। कुछ शिकायतें भी प्राप्त हो रही थीं। जांच आख्या के आधार पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।