दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद एक ट्रक में आग लग गई। धू -धू कर जल रहे ट्रक से राहगीरों और पुलिस ने ड्राइवर समेत तीन लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला। हालांकि तब तक ट्रक ड्राइवर बरेली के गांव सनैइया निवासी 25 वर्षीय शोएब आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग बुझाई लेकिन तब तक ट्रक जलकर नष्ट हो चुका था।
हादसा आसाम हाइवे पर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी के समीप सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। गढ़वाखेड़ा चौकी इंचार्ज कंधई लाल ने बताया कि खुटार की ओर जा रहे मोरंग लदे ट्रक की खुटार की ओर से आ रहे प्लास्टिक दाना लदे ट्रक से पुलिस चौकी के पास भिड़ंत हो गई। हादसे में मोरंग भरे ट्रक में आग लग गई। ट्रक धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों के सहयोग से जलते ट्रक से बरेली के गांव सनैइया निवासी ड्राइवर शोएब और दो अन्य लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पूरनपुर लाया गया। गंभीर हालत में झुलसे और घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रक में लगी आग की सूचना पर पूरनपुर कोतवाली और पीलीभीत से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब आग पर काबू पाया गया। हालांकि उस वक्त तक ट्रक जलकर नष्ट हो गया।
आठ घंटे रहा आसाम हाइवे जाम
पूरनपुर। ट्रकों की भिड़ंत में एक ट्रक में आग लगने की घटना से आसाम हाइवे पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने खुटार से एक क्रेन मंगवाकर जले और क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके बाद पुलिस को जाम हटवाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आठ घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे।