पंजाब के पठानकोट में हुए आतंकी हमलों के बाद पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र ने इंडो-नेपाल सीमा पर हाईअलर्ट जारी कर यूपी में सघन चेकिंग करने का आदेश जारी किया है। बावजूद इसके जिले में अलर्ट का कोई असर नहीं दिखाई दिया। शहर में ऐसा कुछ भी नहीं दिखा कि पुलिस अपनी नींद से जागी हो। हालांकि सीमा की निगरानी में जुटी एसएसबी सतर्क नजर रखते हुए आने-जाने वाले लोगों की सघन तलाशी ली।
पंजाब के पठानकोट एयर बेस पर आतंकी हमले के बाद शनिवार को आईजी (कानून व्यवस्था) लखनऊ यूपी में हाईअलर्ट किया था। उन्होंने इंडो-नेपाल बार्डर और जिलों में विशेष सतर्कता बरतने और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। लेकिन जिले में अलर्ट का कोई असर नहीं दिखा। रोज की तरह लोग सूटकेस, बक्सा व बिस्तर ले जाते दिखे। आवाजाही भी आम दिनों की तरह रही। रेलवे स्टेशन पर बना आरपीएफ बूथ भी खाली रहा। यहां कोई संतरी पहरे पर नहीं था।
अलबत्ता आतंकी हमले के बाद से नेपाल सीमा पर एसएसबी ने सतर्कता बढ़ा दी है। जवान पेट्रोलिंग तेज कर आने-जाने वालों की सघन तलाशी ले रही है। एसएसबी 26 वीं बटालियन के सेनानायक जेपी राणा ने बताया कि सीमा पर जवान पूरी तरह से मुस्तैद हैं। सीमा पर होने वाली हर गतिविधियों पर जवानों की नजर है।
हाईअलर्ट को लेकर सभी थानेदारों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर निगाह रखे है।
- जवाहर, एसपी