लग्गा भग्गा क्षेत्र में विचरण करता गैंडा ।
कलीनगर। लग्गा भग्गा के जंगल में हाथियों के बाद अब गैंडों ने डेरा जमा लिया है। बारिश से जमीन के दलदली हो जाने से गैंडों को यह इलाका भा रहा है। वनकर्मियों ने निगरानी बढ़ा दी है। गैंडों के आने से जंगल से सटे गांवों के लोग भी सतर्क हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज के अंतर्गत शारदा नदी के पार लग्गा भग्गा का जंगल है। इससे नेपाल का शुक्ला फांटा सेंचुरी का जंगल सटा है। दोनों सीमा क्षेत्र में बाघ, हाथी, गैंडों आदि वन्यजीव विचरण करते हैं। पुराना कॉरिडोर होने से हाथियों की अक्सर लग्गा भग्गा में मौजूदगी बनी रहती है। पूर्व में भी करीब सात हाथी कई दिनों तक यहां डेरा जमाए रहे थे।
अब कुछ दिनों से नेपाल के गैंडे डेरा जमाए हैं। जंगल और उसके बाहर ग्रास लैंड क्षेत्र में गैंडे चहलकदमी करते देखे जा रहे हैं। हालांकि गैंडे अभी लग्गा भग्गा जंगल से सटे गांवों से दूरी बनाए हुए हैं, लेकिन ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं। बराही रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि प्राकृतिक निवास स्थल के चलते अक्सर वन्यजीवों की दोनों सीमाओं में चहलकदमी बनी रहती है। वन कर्मियों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।