बीसलपुर। पत्नी से विवाद के बाद मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली में शनिवार की रात युवक ने बंद कमरे में फंंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोतवाली के गांव रायपुर निवासी रामकुमार ने बताया कि उनका पुत्र बृजेश कुमार (25) पत्नी के साथ मोहल्ला हबीबुल्लाखां शुमाली में किराये के मकान में रहता था।
दो दिन पूर्व उसकी पत्नी मायके चली गई। रविवार को सुबह बहनोई सुनील कुमार बृजेश के घर गया। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो सुनील ने बृजेश के घर वालों को बुला लिया।
वहां पहुंचे घर वालों ने भी काफी आवाज दीं, लेकिन बृजेश की ओर से कोई जवाब नहीं आया। इस बीच जानकारी होने पर बृजेश की पत्नी भी आ गई। उसके बाद सुनील की ओर से दी गई सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घर का मुख्य द्वार और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर छत के कुंडे से दुपट्टे से बनाए गए फंदे से बृजेश का शव झूल रहा था।
पुलिस ने शव उतारा और सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर मिले बृजेश के मोबाइल फोन को देखा तो पता चला कि शनिवार को देर रात उसकी पत्नी से फोन पर काफी लंबी बात हुई थी। कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में स्पष्ट हुआ है कि बृजेश ने पत्नी से हुए विवाद के बाद यह कदम उठाया है।