पीलीभीत के कलीनगर में सर्पदंश से हुई युवक की मौत मामले में 25 दिन बाद शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को गड्ढा खोदकर बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
14 अगस्त को माधोटांडा निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र गौतम को खेत पर घास काटते समय सांप ने डस लिया था। परिजनों ने उपचार के प्रयास किए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने तब पोस्टमार्टम से इन्कार कर पुलिस को जानकारी नहीं दी थी। 15 अगस्त को गांव के गोमती उद्गमस्थल स्थित शमशान घाट पर गड्ढा खोदकर शव दफना दिया गया था।
इधर, घटना के कुछ दिन बाद जितेंद्र की पत्नी रक्षावती ने पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा था। डीएम ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए पूरनपुर के नायब तहसीलदार हेमराज सिंह बोनाल को मजिस्ट्रेट नामित किया। शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में थाना पुलिस ने शव को गड्ढा खोदकर बाहर निकाला। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि युवक की सांप के डसने से मौत हुई थी, परिजनों ने इसकी सूचना नहीं दी थी। अब मजिस्ट्रेट के आदेश पर शव को गड्ढे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।