पीलीभीत। शराब की भट्ठियों का वीडियो वायरल होने के बाद अफसरों ने सख्ती दिखाई तो पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के कर्मचारियों के हाथ-पैर फूल गए। हकीकत जानने के लिए डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में पीटीआअर और आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने शनिवार को करीब चार घंटे तक कांबिंग की। बराही रेंज के जंगल से सटे इलाके से शराब की भट्ठियां और कुछ उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रहा है।
पीटीआर की बराही, हरीपुर रेंज से सटे कुछ ऐसे गांव हैं, जहां अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों की सूची फेहरिस्त है। जंगल का सहारा लेकर धंधेबाज शराब का धंधा करते हैं। शराब बनाने में जंगल की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। शुक्रवार को शराब की अवैध भट्ठियों के कुछ फोटो और वीडियो वायरल हुए थे। इनके बराही रेंज के जंगल का होने का दावा किया गया था। संज्ञान में आने के बाद पीटीआर के अफसर गंभीर हुए थे। मामले की हकीकत परखने के लिए शनिवार को तीन टीमों का गठन किया।
टीम में एसडीओ माला समेत रेंजर, कई दरोगा और वन रक्षक शामिल किए गए। आबकारी विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सुबह आठ बजे से कांबिंग शुरू की गई। चार घंटे की मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिल सकी। बराही और हरीपुर रेंज की सीमा पर जंगल से करीब 300 मीटर दूर वनकर्मियों ने नाव के सहारे मौके पर पहुंचकर भट्ठियां मिलीं। शराब बनाने के कुछ उपकरण भी मिले। धंधेबाजों ने जिस जगह का चयन किया, वह जंगल जैसा ही क्षेत्र है।
धंधेखोरों पर गैंगस्टर की कार्रवाई के निर्देश
मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी दिनेश कुमार पी. भी सख्त हुए हैं। उन्होंने माधोटांडा, पूरनपुर और सेहरामऊ पुलिस को धंधे से जुड़े लोगों को चिह्नित करने के साथ गैंगस्टर की कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। आबकारी विभाग को भी गंभीरता बरतने की हिदायत दी गई हैं।
वनकर्मियों पर भी कार्रवाई तय
वीडियो वायरल होने के बाद डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने कांबिंग की जिम्मेदारी खुद संभाली। हालांकि दावा किया गया कि भट्ठियां जंगल से 300 बाहर के क्षेत्र में मिल हैं। लेकिन वायरल वीडियो में शाल की लकड़ियों के दिखाई दिए ढेर भी बरामद हुए हैं। इससे वनकर्मियों की संलिप्ता भी उजागर हो रही है। ऐसे में बीट इंचार्ज पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
जंगल से 300 मीटर बाहर शराब की भट्ठियां बरामद की गई हैं। पुलिस विभाग मामले में मुकदमा दर्ज कर रहा है। विभागीय कर्मचारियों की संलिप्ता की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी। - नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर
कांबिंग के दौरान अफसरों से जानकारी करते डिप्टी डायरेक्टर। संवाद- फोटो : PILIBHIT