माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता व ग्रामीण। स्रोत स्वयं
पीलीभीत। लंबे समय से जर्जर माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान अधिवक्ता सोमवार को भड़क गए। अधिवक्ताओं ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि बरसात में पुलियों का निर्माण कराने से स्थिति और खराब हो गई है।
माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग की हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। करीब 30 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर आवागमन करना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। सबसे ज्यादा परेशानी उन अधिवक्ताओं को उठानी पड़ रही है जो रोजाना इस मार्ग से जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि खराब सड़क और क्षतिग्रस्त पुलियों की वजह से आए दिन वाहन दुर्घटना और जाम की समस्या बनी रहती है।
सोमवार को अधिवक्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही से जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही जिम्मेदार अफसर समस्या पर ध्यान दे रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में अधिवक्ता संतोष राठौर, नुजहत खान, हैदर अली, निशांत सिंह, शकील अहमद, शिव शर्मा, रघुवीर पांडे समेत कई अधिवक्ता शामिल रहे।