पाकिस्तान में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को बगैर सबूतों के फांसी की सजा सुनाने के विरोध में प्रदेश भर के अधिवक्ता 17 अप्रैल को न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। इस दिन काली पट्टी बांधकर विरोध दिवस मनाएंगे। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन अजय कुमार शुक्ला और जिला संयुक्त बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र ने बताया कि रविवार को इलाहाबाद में प्रदेश भर के अधिवक्ताओं की बैठक बार काउंसिल के अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें तय किया गया कि कुलभूषण जाधव की सकुशल भारत वापसी को लेकर 17 अप्रैल को प्रदेश के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहकर विरोध दिवस मनाएंगे। जिले में भी अधिवक्ता सोमवार को अदालती कामकाज नहीं करेंगे। जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशनलाल, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतराम राठौर, सिविल बार के अध्यक्ष अजय सक्सेना का कहना है कि पाकिस्तान की मनमानी किसी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।