पूरनपुर सहकारी चीनी मिल में बैगास में लगी आग की घटना के मामले की एडीएम ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने इस बावत जन सामान्य से सूचनाएं भी मांगी हैं।
16 नवंबर की शाम पूरनपुर स्थित सहकारी चीनी मिल के परिसर में स्टाक की गई लाखों रुपये की बैगास में आग लग गई थी। आग की घटना के बाद एक सुरक्षा गार्ड को निलंबित कर दिया गया था साथ ही दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मिल की बैगास में लगी इस आग से करीब पांच लाख के नुकसान की बात कही जा रही है लेकिन नुकसान इससे काफी अधिक होने की उम्मीद है। मामले की जानकारी होने पर सहकारी चीनी मिल संघ के प्रबंधक निदेशक ने मिल की बैगास में लगी आग की मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश दिए हैं। इस बाबत शासन से पत्र मिलने पर डीएम ने मामले की जांच एडीएम अजयकांत सैनी को सौंपी है। इस पर एडीएम ने विज्ञप्ति जारी कर जन सामान्य से आग की घटना के बाद जानकारी एवं साक्ष्य मांगे हैं। एडीएम ने बताया कि तीन दिसंबर को सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक बयान भी दर्ज कराए जा सकते हैं।