शनिवार शाम दोबारा हंगामे के बाद तनावपूर्ण हो गई थी स्थिति
माधोटांडा। थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया संतोष में दो समुदायों के बीच शनिवार को दोबारा हुए विवाद के बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार शाम एक पक्ष के लोगों के दोबारा सक्रिय होने और हंगामा बढ़ने की सूचना पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा और स्थिति को संभाला। सीओ माधोटांडा ने भी गांव पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
गांव में बच्चों में कहासुनी के बाद विवाद शुरू हुआ था। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के लोग एकत्र हुए थे। मारपीट और पथराव भी हुआ था। मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद शनिवार देर शाम को एक पक्ष के लोगों के फिर से एकत्र होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए रविवार को भी गांव में दिनभर पुलिस बल तैनात रहा। गांव में मंडी बाजार और दो अन्य तिराहों पर भी पुलिस की निगरानी रही। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और माहौल पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। संवाद