गोमती उद्गम स्थल झील का खूबसूरत नजारा। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
कलीनगर। गोमती उद्गम स्थल को पर्यटन के रूप में विकसित करने की कवायद में गति देखी जा रही है। पर्यटन विभाग की ओर से मल्टीपरपज हॉल और दस कमरों के निर्माण की योजना को शुरू करने से पूर्व टीम ने उद्गम स्थल का दौरा कर सही स्थान का चयन किया। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
पर्यटन के रूप में विकसित होने के बाद गोमती उद्गम स्थल की रौनक काफी बढ़ गई। प्रतिदिन दो सौ सैलानियों की आमद हो रही, मंदिर परिजन में पूजा अर्चना के साथ उद्गम स्थल के विशाल क्षेत्र में घूमकर आनंद भी ले रहे हैं। झील के चारों ओर की हरियाली सैलानियों को काफी पसंद आ रही है। शाम में बनारस की तर्ज में होने वाली आरती में भी सैलानी शामिल हो रहे हैं। सुविधाओं के विस्तार के लिए मल्टीपरपज हॉल बनवाने की कवायद की जा रही है।
विधायक बाबूराम पासवान की पैरवी के बाद पिछले दिनों पर्यटन विभाग ने प्रयास शुरू किए हैं। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने विधायक की मौजूदगी में जगह तलाश की थी। दो दिन पूर्व पर्यटन विभाग की चार सदस्यीय टीम भी उद्गम स्थल पहुंची। पूर्व में हुए निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए बेहतर स्थान का चयन किया गया। टीम के सदस्यों का कहना था कि रिपोर्ट अफसरों को सौंपी जाएगी।