पीलीभीत / अमरिया। होली की खरीदारी करने जा रहे बाइक सवार दंपती नेशनल हाईवे पर अमरिया की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार 11 साल की बालिका कशिश की मौके पर मौत गई जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घायल दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
अमरिया क्षेत्र के गांव दियोरनिया निवासी नरेंद्र कुमार बृहस्पतिवार दोपहर बाद होली की खरीदारी करने बाइक से अमरिया जा रहे थे। बाइक पर पत्नी संतोषी देवी और बेटी कशिश (11) बैठीं थी। गांव के लिंक मार्ग से नेशनल हाईवे पर आने के बाद नरेंद्र ने बड़ेपुरा गांव की सीमा की तरफ गुरुद्वारे के पास स्थित पेट्रोलपंप से तेल डलवाया। तेल डलवाने के बाद जैसे ही बाइक को नेशनल हाईवे पर चढ़ाने का प्रयास किया। इसी बीच अमरिया की ओर से आए ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बालिका कशिश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रक पंट्रोल पंप की रेलिंग से जाकर टकराया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अमरिया सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर मुकेश शुक्ला ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
-----
हादसे ने छीन ली त्योहार की खुशियां
होली को हंसी खुशी मनाने के लिए नरेंद्र का परिवार काफी उत्साहित था। नरेंद्र पत्नी व बेटी को रंग और कपड़े दिलाने के लिए अमरिया ले जा रहे थे लेकिन बाजार पहुंचने से पहले ही परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे की जानकारी के बाद परिवार में खलबली मच गई। तैयारियों के बीच त्योहार की खुशी दुख में बदल र्गइं। नरेंद्र की दो बेटीं और एक बेटा है। कशिश दूसरे नंबर की थी।