पीलीभीत। राइस मिल से मजदूरी कर लौट रहे बाइक सवार गांव सैजनिया निवासी पल्लेदार रामेश्वर दयाल (40) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। बाइक पर बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
न्यूरिया के गांव सैजनिया निवासी महेश ने बताया कि उनका भाई रामेश्वर दयाल शहर के असम चौराहा स्थित एक राइस मिल में पल्लेदारी का काम करता है। उसके साथ पड़ोसी गांव तुर्कपुरी निवासी होरीलाल भी उसी मिल में काम करता है। शनिवार को भाई और उसका साथी दोनों मिल पर काम करने गए थे। शाम को करीब नौ बजे दोनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक उसका भाई रामेश्वर दयाल चला रहा था। हेलमेट भी उसने पहन रखा था। जबकि होरीलाल बाइक पर पीछे बैठा था। बनकटी रोड पर ललपुरिया गांव के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक दुर्घटना ग्रस्त हो गई। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने रामेश्वर दयाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि होरीलाल का इलाज चल रहा है। रामेश्वर दयाल की मौत से परिवार में खलबली मच गई। न्यूरिया एसओ मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर वाहन का पता लगाया जाएगा।