जिला अस्पताल में रोते बिलखते मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। मंडी समिति के सामने मंगलवार शाम करीब छह बजे ट्रैक्टर से गिरकर गांव दियूरी निवासी पप्पू के मासूम पुुत्र सोना (5) की मौत हो गई। जबकि उसके ताऊ उमाचरन ट्रैक्टर के नीचे आने से घायल हो गए। इसके अलावा सितारंगज रोड पर लालपुर चौराहे के पास गांव मानपुर निवासी हेतराम (70) की ट्रक के चपेट में आने से मौत हो गई।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव दियोरी निवासी उमाचरन ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से धान लेकर मंडी समिति आए थे। उनके साथ पुत्र महेंद्र और छोटे भाई पप्पू का मासूम पुत्र सोना भी आया था। शाम करीब चार बजे धान की बिक्री करने के बाद मंडी समिति के सामने एक दुकान पर ट्रैक्टर की मरम्मत कराने के लिए रुके थे। भतीजा सोना ट्रैक्टर चालक सीट पर बैठा था। मरम्मत करने के बाद ट्रैक्टर को स्टार्ट किया था। इसी दौरान सीट पर बैठे सोना का पैर लगने से गियर पड़ गया और ट्रैक्टर चलने लगा। ट्रैक्टर को चलता देख वह रोकने के लिए भागे, तब तक सोना सड़क पर गिर गया। इधर, कुछ कदम चलकर ट्रैक्टर रुक गया जबकि ट्रॉली पलट गई, जिससे उमाचरण भी उसके नीचे दब गए। सोना और उमाचरण को जिला अस्पताल लेकर गए। यहां सोना को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उमाचरन का इलाज चल रहा है। परिवार वाले मासूम का शव लेकर घर चले गए। डॉक्टर ने बताया कि सोना के सिर में चोट लगने से मौत हुई है।
इधर, जहानाबाद के गांव मानपुर निवासी उमाशंकर ने बताया कि उसके पिता हेतराम शाम करीब साढ़े पांच बजे पैदल खेत से लौट रहे थे। रास्ते में सितारंगज हाईवे पर गांव से चार सौ मीटर पहले लालपुर चौराहे के पास पीलीभीत की ओर जा रही एक मैक्स गाड़ी ने हेतराम को चपेट में ले लिया। इसके बाद वह जहानाबाद की ओर जा रहे गन्ने के खाली ट्रक की चपेट में भी आ गए। हादसे के बाद दोनों वाहन चले गए। गंभीर रूप से घायल हेतराम को जिला अस्पताल भेजवाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।