बगैर हेलमेट बाइक से जा रहे मौसेरे भाइयों को वाहन ने मारी टक्कर, मौत
बीसलपुर/पीलीभीत। दियोरिया मार्ग पर शनिवार शाम वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों वीरेंद्र कुमार (26) और महेंद्रपाल (32) की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक वाहन लेकर भाग गया।
दियोरिया कोतवाली के गांव इमलिया गंगी निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ गड्डू गांव बिहारीपुर हीरा में रहने वाले अपने मौसेरे भाई महेंद्रपाल और उसी गांव के रविंद्र कुमार के साथ किसी काम से मानपुर चौराहा गया। वहां से शाम करीब सवा सात बजे तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक वीरेंद्र चला रहा था। कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। दियोरिया रोड पर गांव बहादिया मोड़ के पास बाइक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। इससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को बीसलपुर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र और महेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि रविंद्र को परिवार वाले बरेली ले गए।
मृतक महेंद्र पाल का फाइल फोटो।- फोटो : PILIBHIT