बिलसंडा। नगर के एक मोहल्ले में विवाह समारोह में प्रतिबंधित पशु का मांस पकाने की सूचना पर पहुंचे हिंदू संगठन ने विरोध जताया। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में पशु चिकित्सक ने पक रहे मांस का सैंपल लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए संगठन की ओर से तहरीर दी गई है।
नगर के मोहल्ला इस्लामनगर में मंगलवार को एक व्यक्ति के घर पुत्री की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए खाना बनाया जा रहा था। उक्त शादी में प्रतिबंधित पशु का मांस पकाने की किसी ने राष्ट्रीय योगी सेना से जुड़े लोगों को जानकारी दी।
इसपर संगठन के जिला अध्यक्ष सुमित शर्मा अपनी टीम के साथ मोहल्ले में पहुंचे। इस दौरान बनाए जा रहे भोजन को रुकवा दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। थोड़ी ही देर पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिलाध्यक्ष ने कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया गया।
सच्चाई जानने के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ जगदेव सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। चिकित्सक ने पक रहे मांस का सैंपल लिया । राष्ट्रीय योगी सेना के जिलाध्यक्ष की ओर से थाने में तहरीर भी दी गई। एसओ रणजीत सिंह ने बताया कि मांस की सैंपलिंग कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।