असम हाईवे पर मुजफ्फरनगर गांव के पास एक बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें एक महिला की मौत हो गई। जबकि उसके पति मुकेश और बेटा घायल हो गए। गजरौला थाना क्षेत्र के पंडरी सुहास निवासी मुकेश कुमार रविवार देर शाम बाइक पर पूरनपुर के ग्राम बैल्हा अपनी ससुराल जा रहे थे। साथ में उनकी पत्नी 25 वर्षीय रीमा देवी व एक साल का पुत्र ऋषिकेश था। असम हाईवे पर मुजफ्फर नगर गांव के पास पहुंचने पर उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें दंपति गंभीर रुप से घायल हो गए। बच्चे को मामूली चोटें आईं। उधर से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां रीमा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुकेश की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां से परिवारीजन एक निजी अस्पताल ले गए। सोमवार को पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।