पीलीभीत। छह दिन पहले माधोटांडा मार्ग पर स्थित निगोही ब्रांच नहर में नहाने के दौरान डूबे किशोर का शव छठवें दिन शुक्रवार को शाहगढ़ गांव के पास झाड़ियों में फंसा मिला। इधर, परिवार वाले मृतक के दोस्तों के खिलाफ तहरीर देने कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल माधोटांडा क्षेत्र का बताकर लौटा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेर मोहम्मद के रहने वाले शंकरलाल ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा शिवा उर्फ शिवम को रविवार सुबह नौ बजे कुछ दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। शाम को एक दोस्त उसके कपड़े और मोबाइल उनके घर दे गया। पूछने पर बताया कि निगोही ब्रांच नहर में नहाते वक्त शिवा डूब गया। इसके बाद वह भाग गया। उन्होंने दूसरे दिन सोमवार को माधोटांडा थाने में सूचना दी। एसएसबी और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश की गई।
शुक्रवार सुबह डूबे किशोर का शव गांव शाहगढ़ के पास नहर किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिवार को शिनाख्त के लिए बुलाया। दोपहर बाद परिवार वाले कोतवाली पहुंचे और शिवा की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मगर कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल माधोटांडा थाना क्षेत्र में होने की कहकर लौटा दिया। उधर, माधोटांडा के प्रभारी निरीक्षक रामसेवक का कहना है कि उनके पास कोई तहरीर नहीं दी गई है।
किशोर का शव छह दिन बाद नहर से बरामद कर लिया है। परिवार वालों के शिनाख्त करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। - लल्लन सिंह, सीओ पूरनपुर