बीसलपुर। बरेली रोड पर गोबल गांव के पास मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार प्रधानाध्यापक सतीश गंगवार (40) की मौत हो गई। प्रधानाध्यापक किसी काम से बरेली जाने को निकले थे। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिवार को बुलाकर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला बख्तावर लाल निवासी सोमवती ने बताया कि उनका बेटा सतीश गंगवार जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव बिलासपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात था। मंगलवार सुबह काम के सिलसिले में बरेली जाने को कार से रवाना हुआ था। बरेली रोड पर कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस से सूचना मिलते ही परिवार वाले भी सीएचसी आ गए। बेसिक शिक्षा विभाग के कई शिक्षक भी सीएचसी पहुंच गए। कोतवाल कमल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक मूल रुप से जहानाबाद के गांव उझैनिया का रहने वाला था। कई सालों से नगर के मोहल्ला बख्तावरलाल में अपनी मां के साथ रह रहे थे।