बिलसंडा। बंडा-बिलसंडा रोड पर किसी वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से बाइक सवार दंपती घायल हो गए, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दंपती बाइक पर अपनी बेटी के घर से लौट रहे थे। हादसे में बाइक चलाने वाला घायल हो गया। बाइक पर तीन लोग बैठे थे। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
बंडा (शाहजहांपुर) के लोइची गांव निवासी 42 वर्षीय धीर सिंह और उनकी पत्नी सरोजा देवी (39) शुक्रवार सुबह अपनी बेटी ज्योति की ससुराल कटरा थाना क्षेत्र के गांव हरिबलपुर गए थे। उनके साथ गांव के ही राजीव गए थे। शुक्रवार को ही देर शाम करीब सात बजे तीनों बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। बाइक राजीव चला रहा था, जो हेलमेट लगाए थे। रास्ते में बिलसंडा-बंडा रोड पर एक राइस मिल के पास पहुंचने पर उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी भिजवा दिया। वहां हालत नाजुक देखकर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। एंबुलेंस से बरेली ले जाते वक्त रास्ते में दंपती की मौत हो गई। जबकि राजीव को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे दिन शनिवार को पुलिस ने मृतक धीर सिंह के ममेरे भाई प्रताप की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर विरजाराम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिए गए।