बीसलपुर। बरेली रोड पर भड़रिया मोड़ के पास बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से भाग गया। जान गंवाने वाला बाइक सवार हेलमेट लगाए था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नवदिया भगत निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उनका 30 वर्षीय पुत्र पवन खेती करता था। बुधवार रात वह जरूरी काम से बाइक से बीसलपुर जा रहा था। बरेली रोड पर भड़रिया मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार भाग गया। ग्रामीणों से खबर मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। आननफानन में उसे सीएचसी लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया। परिवार वाले उसे बरेली ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल केशव कुमार तिवारी ने बताया कि पिता की तहरीर मिलने के बाद अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया हैै। संवाद