फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में मजदूर की मौत के बाद बवाल, हाईवे जाम करके की तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
जहानाबाद। नेशनल हाईवे पर जहानाबाद-अमरिया के बीच देवीपुरा कल्यानपुर तिराहे पर बुधवार सुबह पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई। चालक को तो पुलिस ने पकड़कर लिया, मगर वाहन मालिक को मौके पर बुलाने की मांग कर ग्रामीणों ने वहां हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया और पिकअप वाहन को पलटकर उसमें तोड़फोड़ की। भीड़ के गुस्से के सामने पुलिस लाचार बनी रही। कई थानों की फोर्स के पहुंचने के बाद भी काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में एसडीएम और सीओ ने दोषी पर सख्त कार्रवाई भरोसा दिलाकर ग्रामीणों को शांत कराया।
विज्ञापन

जहानाबाद थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी 40 वर्षीय सोहनलाल पुत्र लालाराम अप्सरा ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह मकान निर्माण के लिए ईंटें लाने के लिए बाइक से भट्ठे पर जा रहे थे। देवीपुरा कल्यानपुर तिराहे के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूरी पर खड़ी यूपी 112 की गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने पिकअप चालक को पकड़ा और थाने ले आए। कुछ पुलिसकर्मी घटनास्थल पर ही रहे। वहीं दूसरी ओर हादसे का पता लगते ही परिवार वाले और ग्रामीणों की हाईवे पर भीड़ जमा हो गई। पिकअप चालक को मौके से ले जाने पर भीड़ ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने पिकअप मालिक को बुलाने की जिद पकड़ ली। चंद मिनटों में भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। गांव वालों ने पिकअप को सड़क पर ही पलट दिया। लाठी डंडे और लोहे की रॉड लेकर उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर जहानाबाद, अमरिया, सुनगढ़ी, बरखेड़ा थाने से पुलिस बल को बुला लिया गया। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, मगर भीड़ का गुस्सा देखकर पुलिस भी बैकफुट पर आ गई। भीड़ ने नेशनल हाईवे पर जाम कर दिया। पुलिस के सामने ही वाहन के शीशे तोड़ दिए। पुलिसकर्मी भीड़ को रोकने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाए। सिर्फ मोबाइल फोन से तोड़फोड़ का वीडियो बनाते रहे। हालात बिगड़ते देख एसडीएम अमरिया सौरभ दुबे, एसडीएम सदर अविनाश चंद्र मौर्य और सीओ सदर प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंच गए। लोगों से बातचीत कर भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया गया। ग्रामीण पिकअप मालिक को बुलाकर मुआवजे की मांग कर रहे थे। काफी समझाने के बाद बमुश्किल परिवार वाले माने। फिर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। कुछ बाइकर्स ने साइड से निकलने का प्रयास किया तो उन्हें भी भीड़ के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
विज्ञापन

परिवार में मचा कोहराम, ढांढस बंधाने में जुटे लोग
सोहनलाल के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। वह अकेले ही परिवार में कमाने वाले थे। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके जैसे-तैसे परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। हादसे में सोहनलाल की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। मौत की सूचना मिलने के बाद उनके परिवार में चीख पुकार मची रही। सोहनलाल के दो बच्चे 14 वर्षीय पुत्र और 12 पुत्री है।
इंस्पेक्टर ने यूपी 112 कर्मियों की सराहना की
हादसे के बाद भीड़ का जिस तरह से गुस्सा फूटा, यह माना जा रहा है कि अगर चालक भीड़ के हत्थे चढ़ जाता तो भीड़ उस पर हमला कर सकती थी। मगर, समय पर पिकअप चालक को यूपी 112 पुलिस थाने ले आई। इस पर बात पर 112 के पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए जहानाबाद इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने उनकी हौसला अफजाई की।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजन की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। - रोहित मिश्र, एएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें