न्यूरिया। भूसा निकालते वक्त हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर से जुड़े रीपर में आग लग गई। आग की लपटें उठने पर जमा हुए ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू किया।
थाना क्षेत्र की गुप्ता बंगाली कॉलोनी के रहने वाले त्रिपुन विश्वास का 26 वर्षीय बेटा विराट विश्वास ट्रैक्टर चालक था। शनिवार सुबह बिहारीपुर गांव निवासी ठेकेदार अब्दुल करीम के खेत से भूसा निकाला जाना था। नरेंद्र सिंह का रीपर लेकर विराट खेत में मजदूरी पर भूसा निकालने गया था। ट्रैक्टर में रीपर जोड़कर भूसा निकालने का काम शुरू किया गया। रीपर चलाते वक्त ट्रैक्टर का पहिया मेड़ पर जाते ही उछल गया और ट्रैक्टर खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया और विराट की इससे मौत हो गई। वहीं चिंगारी निकलते ही रीपर में आग लग गई। रीपर से उठती आग की लपटों को देखते ही आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण जमा हो गए। बमुश्किल आग पर काबू किया गया। तब तक विश्वास की मौत हो चुकी थी। सूचना पर कुछ ही देर में परिजन और पुलिस दोनों आ गए और मामले की जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर खीम सिंह जलाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।