बिलसंडा/पीलीभीत। माता-पिता के साथ बाइक से ननिहाल आ रही चार साल की इकलौती बेटी की प्राइवेट बस की टक्कर से मौत हो गई। बच्ची को बचाने की कोशिश में बाइक से गिरकर माता-पिता भी मामूली रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
पुवायां (शाहजहांपुर) के रहने वाले सत्यपाल सोमवार शाम को बाइक से बरखेड़ा क्षेत्र के पिपरिया मंडन गांव में अपनी ससुराल जा रहे थे। बाइक पर पीछे पत्नी ऊषा देवी और बीच में चार साल की बेटी ममता बैठी हुई थी। बमरौली-ईंटगांव मार्ग पर तनाया गांव के पास पहुंचते ही सामने से प्राइवेट बस आती देखकर सत्यपाल ने साइड में बाइक रोक ली। मगर चालक इस संकरे रास्ते पर भी बस को तेजी से चलाता हुआ पास से गुजरा, इस बीच अचानक बच्ची ने अपना सिर उसी साइड में आगे बढ़ा दिया, जिससे सिर बस से टकरा गया और वह सड़क पर गिर गई। इस दौरान बच्ची को बचाने की कोशिश में दंपती भी बाइक से गिर गए, हालांकि उन्हें मामूली चोट आई।
आनन-फानन में बच्ची को लहूलुहान हालत में परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर बिलसंडा हरीशंकर वर्मा ने बताया कि मंगलवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया, तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।